इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, टेकऑफ से पहले रोकी गई उड़ान

लखनऊ लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2111 को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए विमान को टेकऑफ से पहले रोक लिया और व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2111 निर्धारित समय पर लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी। इसी दौरान विमान की सुरक्षा से जुड़े संभावित खतरे की सूचना मिलने पर एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया और उसकी गहन तलाशी शुरू की गई।

यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विमान में सवार सभी यात्रियों और उनके सामान की भी जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह से खारिज किया जा सके।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 6ई 2111 में टेकऑफ से ठीक पहले सुरक्षा संबंधी संभावित खतरे की जानकारी मिली थी। इसके बाद निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया और जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है।

एयरलाइन ने कहा कि आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी होने और संबंधित अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। साथ ही यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए उन्हें समय-समय पर स्थिति की जानकारी और आवश्यक सुविधाएं, जैसे जलपान आदि, उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं और धमकी की वास्तविकता का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। जांच पूरी होने तक विमान को सुरक्षा निगरानी में रखा गया है। इंडिगो ने दोहराया कि यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *