नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके कालकाजी में रविवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और रेस्टोरेंट में रखे तीन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों में एक के बाद एक जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज से आसपास का पूरा क्षेत्र दहल उठा और आग तेजी से इमारत में फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आग और धुएं के बीच दूसरी मंजिल पर फंसी एक बुजुर्ग महिला को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय रेस्टोरेंट बंद था, जिससे बड़ा जनहानि टल गई।
जानकारी के अनुसार, यह रेस्टोरेंट देश बंधु गुप्ता कॉलेज के पास स्थित है। आग लगने के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया और स्थिति को संभाला।
एसडीएम वेद प्रकाश ने बताया कि सुबह करीब 5:15 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जिस इमारत में आग लगी, उसके निचले हिस्से में रेस्टोरेंट और ऊपर बैंक्वेट हॉल संचालित होता है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग ऊपरी मंजिल पर बने अस्थायी ढांचे में लगी थी, जो बाद में पूरे परिसर में फैल गई।
प्रशासन के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। एहतियात के तौर पर बगल की इमारत में मौजूद 10 से 12 लोगों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा मामले की जांच जारी है।