जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द ही मध्य प्रदेश के 4 से 5 दिवसीय दौरे पर आने वाली हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राज्यभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं, जबकि प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दौरे के दौरान कई स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव और रूट डायवर्जन भी लागू रहेगा।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति 18 जून 2026 को बैतूल जिले के दौरे से अपने कार्यक्रम की शुरुआत करेंगी। यहां वे लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित ‘आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण’ विषयक विशाल आदिवासी महासम्मेलन में शामिल होंगी। इसी दिन वे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन और पूजन भी करेंगी।
19 जून को राष्ट्रपति सिकल सेल रोग से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के ठहरने की व्यवस्था ओंकारेश्वर बांध परियोजना के विश्रामगृह में की गई है। सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी व्यवस्था लागू कर दी गई है।
20 जून को राष्ट्रपति जबलपुर पहुंचेंगी, जहां 21 जून को वे दो प्रमुख आयोजनों में शामिल होंगी। इनमें गैरिसन ग्राउंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (रादुविवि) का दीक्षांत समारोह शामिल है।
इसी दिन वे कूनो नेशनल पार्क भी जाएंगी, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगी। 22 जून की सुबह राष्ट्रपति कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी और इसके बाद लगभग 10 बजे वहां से प्रस्थान करेंगी।
हालांकि अभी तक पूरे दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अंतिम रूप से जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेजी से चल रही हैं और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।