- जिला क्रीड़ांगन समिति ने दी सहमति
दुर्ग : दुर्ग जिले में आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए मंगलवार को जिला क्रीड़ांगन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पीडब्ल्यूडी सभाकक्ष में हुई इस बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और जिला क्रीड़ांगन समिति के अध्यक्ष व कलेक्टर अभिजीत सिंह उपस्थित थे। बैठक के दौरान पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम के पुनर्विकास और खेल परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन को लेकर कई बड़े प्रस्तावों पर सहमति बनी।
BCCI तैयार करेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
बैठक में लिए गए सबसे बड़े फैसले के तहत दुर्ग के पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अंतर्गत बैडमिंटन कोर्ट की जमीन को सुरक्षित रखते हुए, स्टेडियम की शेष बची हुई भूमि को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के माध्यम से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को 33 वर्षों के लिए लीज पर सौंपा जाएगा। इस संबंध में अंतिम अनुमोदन के लिए प्रस्ताव जल्द ही राज्य शासन को भेजा जाएगा।
जर्जर भवनों का होगा
अपलेखन
बैठक में स्टेडियम परिसर के भीतर स्थित पुराने और जर्जर हो चुके भवनों को तोड़कर हटाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इन अनुपयोगी ढांचों को हटाकर खेल परिसर की खाली भूमि का उपयोग खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं और नए ट्रेनिंग सेंटर्स विकसित करने के लिए किया जाएगा।