UN की सार्वजनिक सुनवाई में गरमाया माहौल, इजरायली राजदूत और अधिकारी के बीच तीखी बहस

न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित एक सार्वजनिक सुनवाई के दौरान कूटनीतिक मर्यादाएं उस समय टूटती नजर आईं, जब इजरायल के राजदूत डैनी डैनन और संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। संघर्ष में यौन हिंसा उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित इस बैठक में माहौल इतना गरमा गया कि राजदूत डैनन ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष प्रतिनिधि प्रमिला पैटन के इस्तीफे तक की मांग कर दी।

विवाद की शुरुआत हाल ही में जारी एक रिपोर्ट को लेकर हुई, जिसमें कथित दुर्व्यवहार के मामलों के संबंध में पहली बार इजरायल को ब्लैकलिस्ट किया गया था। रिपोर्ट पर नाराजगी जताते हुए डैनन ने प्रमिला पैटन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पैटन संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के इजरायल विरोधी रुख के आगे झुक गई हैं।

डैनन के आरोपों के बीच संयुक्त राष्ट्र की वरिष्ठ अधिकारी वैनेसा फ्रेजियर ने ‘पॉइंट ऑफ ऑर्डर’ उठाकर हस्तक्षेप किया। बच्चों और सशस्त्र संघर्ष से जुड़े मामलों पर महासचिव की प्रतिनिधि फ्रेजियर ने डैनन से व्यक्तिगत टिप्पणियां करने से बचने की अपील की और कहा कि उनकी रिपोर्ट सत्यापित तथ्यों एवं साक्ष्यों पर आधारित है।

फ्रेजियर के हस्तक्षेप पर डैनन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, “हम एक सदस्य देश हैं और आप संयुक्त राष्ट्र के लिए काम करती हैं। अब आप चुप रहें। आपकी यह रिपोर्ट शर्मनाक है।” इस टिप्पणी के बाद बैठक में मौजूद लोगों के बीच तनाव और बढ़ गया।

दरअसल, वैनेसा फ्रेजियर की ओर से इस सप्ताह जारी रिपोर्ट में चेतावनी दी गई थी कि बच्चों के खिलाफ उल्लंघनों के आरोपों के चलते इजरायली सेटलर्स को भी वैश्विक ब्लैकलिस्ट में शामिल किया जा सकता है। रिपोर्ट में फिलिस्तीनी बच्चों के खिलाफ बढ़ते उल्लंघनों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई है।

संयुक्त राष्ट्र की दोनों रिपोर्टों में इजरायल के साथ-साथ हमास को भी ब्लैकलिस्ट किया गया है। हालांकि इजरायल लगातार इन रिपोर्टों को पक्षपातपूर्ण बताते हुए उनका विरोध करता रहा है।

गौरतलब है कि पिछले महीने प्रमिला पैटन की रिपोर्ट सामने आने के बाद डैनन ने इसे संयुक्त राष्ट्र का “एक और निचला स्तर” करार दिया था। वहीं इजरायल के विदेश मंत्रालय ने महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ सभी संबंध समाप्त करने की चेतावनी भी दी थी। गुटेरेस इस वर्ष अपना 10 वर्षीय कार्यकाल पूरा करने के बाद पद छोड़ने वाले हैं।

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हुई यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब इजरायल और संयुक्त राष्ट्र के बीच संबंध लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं और दोनों पक्ष कई मुद्दों पर आमने-सामने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *