मुंबई। ओटीटी की सबसे लोकप्रिय क्राइम-ड्रामा सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। निर्माताओं ने बहुप्रतीक्षित ‘मिर्जापुर द मूवी’ का दमदार टीजर जारी कर दिया है, जिसने रिलीज होते ही फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। टीजर में एक बार फिर सत्ता, बदले और खूनी संघर्ष की कहानी की झलक देखने को मिली है।
टीजर में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु अपने चर्चित किरदारों में नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार मिर्जापुर की सत्ता की लड़ाई बड़े पर्दे पर और भी भव्य अंदाज में दिखाई जाएगी। अली फजल और दिव्येंदु जबरदस्त एक्शन और मारधाड़ करते नजर आए हैं, जिससे फिल्म के हाई-वोल्टेज ड्रामा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
फिल्म में इस बार कुछ नए चेहरे भी शामिल हुए हैं। टीजर में जितेंद्र कुमार और रवि किशन की एंट्री ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। दोनों कलाकारों की मौजूदगी कहानी में नए मोड़ और रोमांच का संकेत देती है। वहीं विक्रांत मैसी के नजर नहीं आने से फैंस के बीच कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
टीजर में कई दमदार डायलॉग भी सुनने को मिले हैं। कालीन भैया के किरदार में पंकज त्रिपाठी का संवाद, “काबिल औलाद बहुत मुश्किल से मिलती है और कभी-कभी नहीं भी मिलती है” काफी चर्चा में है। वहीं जितेंद्र कुमार कहते दिखाई देते हैं, “हमें एम्पायर चलाना नहीं है गुड्डू भैया, बनाना है।” रवि किशन का खौफनाक अंदाज भी दर्शकों को प्रभावित कर रहा है।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत दर्शकों के पसंदीदा किरदारों की वापसी है। खासकर मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु की वापसी ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। फिल्म में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौड़, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मिर्जापुर के प्रशंसकों को अब ओटीटी के बाद बड़े पर्दे पर भी एक्शन, रोमांच और सत्ता की जंग का भरपूर अनुभव मिलने वाला है।