टी. सूर्याराव की सजगता और तत्परता से टली बड़ी रेल दुर्घटना, रेल प्रशासन ने किया सम्मानित

भिलाई । रेल सुरक्षा के प्रति सजग नागरिक की सतर्कता से एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। 22 मई को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर फिश प्लेट के बोल्ट निकले हुए दिखाई दिए। यह स्थिति बेहद गंभीर थी और समय रहते सुधार नहीं होने पर किसी बड़े रेल हादसे का कारण बन सकती थी।

मामले की गंभीरता को समझते हुए टी. सूर्याराव ने तत्काल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) अवधेश कुमार त्रिवेदी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सीनियर डीसीएम ने बिना देर किए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजरने वाली ट्रेनों की आवाजाही पर एहतियातन अस्थायी रोक लगा दी।

इसके बाद रेलवे का तकनीकी दल तत्काल मौके पर पहुंचा और ट्रैक की मरम्मत के साथ आवश्यक सुधार कार्य पूरा किया। सुरक्षा मानकों की पूरी तरह पुष्टि होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू किया गया।

सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि यदि समय पर सूचना नहीं मिलती, तो एक बड़ी रेल दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी रायपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद को भी दी।

रेल सुरक्षा और जनहित के प्रति टी. सूर्याराव द्वारा दिखाई गई सजगता एवं जिम्मेदारी की सराहना करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल ने उन्हें सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान रेलवे वाणिज्यिक विभाग के निरीक्षक बाबूराव टाटा, कलिंगा समाज रायपुर के अध्यक्ष जगदीश्वर राव तथा विष्णु केमिकल भिलाई के वाइस प्रेसिडेंट एम.वी. राव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *