मुंबई। स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। शो के प्रसारण से पहले ही इसके विजेता को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इस बीच कॉमेडियन भारती सिंह के एक बयान ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।
हाल ही में अभिनेता विशाल आदित्य सिंह कॉमेडियन भारती सिंह के शो ‘लाफ्टर शेफ 3’ में पहुंचे थे। शो के दौरान जब दोनों पैपराजी के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे, तभी फोटोग्राफर्स ने मजाकिया अंदाज में विशाल को ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का विनर कहकर संबोधित किया।
इस पर भारती सिंह ने मुस्कुराते हुए कहा, “टॉप 3 खतरों के खिलाड़ी।” भारती की यह बात सुनते ही विशाल आदित्य सिंह ने उन्हें चुप रहने का इशारा किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद फैंस के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या विशाल आदित्य सिंह वास्तव में शो के टॉप-3 में जगह बना चुके हैं या फिर वही इस सीजन के विजेता बनने वाले हैं।
हालांकि, ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के निर्माताओं या चैनल की ओर से अब तक विजेता या टॉप-3 प्रतियोगियों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में भारती सिंह के बयान को केवल अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी एक बार फिर ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को होस्ट कर रहे हैं। इस सीजन में टीवी, फिल्म और सोशल मीडिया जगत के कई चर्चित चेहरे बतौर प्रतियोगी हिस्सा ले रहे हैं। अब दर्शकों की नजर शो के प्रसारण और आधिकारिक नतीजों पर टिकी हुई है।