यूजरनेम फीचर पर WhatsApp की सफाई, यूजर्स पर नहीं होगा कोई दबाव

नई दिल्ली: WhatsApp ने अपने बहुप्रतीक्षित ‘यूजरनेम’ फीचर को लेकर फैली अटकलों पर विराम लगाते हुए आधिकारिक FAQ (Frequently Asked Questions) जारी किया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह फीचर पूरी तरह वैकल्पिक (ऑप्शनल) होगा और किसी भी यूजर के लिए इसे अपनाना अनिवार्य नहीं रहेगा।

WhatsApp ने कहा कि यूजरनेम फीचर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर्स की गोपनीयता और सुरक्षा प्रभावित न हो। कंपनी के अनुसार, जिस तरह किसी अनजान व्यक्ति का मोबाइल नंबर WhatsApp पर सर्च नहीं किया जा सकता, उसी तरह किसी का यूजरनेम भी सीधे खोजा नहीं जा सकेगा।

कंपनी ने यह भी बताया कि अनचाहे संदेशों से सुरक्षा के लिए मौजूदा सभी सुरक्षा फीचर्स पहले की तरह काम करते रहेंगे। इनमें नए अकाउंट की पहचान, साझा ग्रुप की जानकारी, यूजर के देश की जानकारी के साथ-साथ ब्लॉक और रिपोर्ट करने जैसे विकल्प शामिल रहेंगे।

WhatsApp ने यूजर्स को सलाह दी है कि वे अपनी पहचान सुरक्षित रखने के लिए एक यूनिक यूजरनेम चुनें। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई यूजरनेम पहले से Instagram या Facebook पर किसी यूजर द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा है, तो वह संबंधित अकाउंट के लिए सुरक्षित (रिजर्व) रहेगा।

कंपनी ने सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों का भी खंडन किया, जिनमें लोकप्रिय या चर्चित यूजरनेम पहले से रिजर्व किए जाने का दावा किया जा रहा था। WhatsApp के अनुसार, केवल वास्तविक अकाउंट मालिक ही सार्वजनिक हस्तियों से जुड़े यूजरनेम सुरक्षित रख सकेंगे।

WhatsApp ने बताया कि यूजरनेम रिजर्वेशन की सुविधा इस वर्ष के अंत में फीचर लॉन्च होने से पहले शुरू की जा रही है, ताकि इच्छुक यूजर्स अपनी पसंद का यूजरनेम चुन सकें। कंपनी का कहना है कि वह जल्दबाजी में फीचर लॉन्च नहीं करेगी और यूजर्स की प्रतिक्रिया के आधार पर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

इस बीच, भारत सरकार ने WhatsApp के यूजरनेम फीचर के रोलआउट पर फिलहाल रोक लगा दी है। सरकार ने कंपनी से तीन दिनों के भीतर इस फीचर की कार्यप्रणाली, सुरक्षा और गोपनीयता से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी है तथा स्पष्ट किया है कि सरकार के साथ चर्चा पूरी होने तक इसे भारत में लॉन्च नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *