तेज रफ्तार ने ली 4 जिंदगियां : रोडवेज बस से कैंटर की जोरदार भिड़ंत, कई घायल

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, बागवाला थाना क्षेत्र के किलरमऊ के पास एटा डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में बस खराब हो जाने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा कर मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कैंटर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के समय अधिकांश यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे, जबकि कुछ यात्री बस के भीतर मौजूद थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क किनारे खड़े कई यात्री इसकी चपेट में आ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी सिटी, एसडीएम, सीओ सिटी और सीओ सदर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।

एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि कैंटर के सामने दूसरी ओर से एक ट्रक आ गया था। बचने की कोशिश में कैंटर अनियंत्रित होकर पीछे से खड़ी रोडवेज बस से टकरा गया। इस हादसे में सड़क किनारे खड़े यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि बस के अंदर बैठे यात्रियों को मामूली चोटें लगीं।

डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुल 11 घायलों का इलाज जारी है। इनमें एक यात्री की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *