जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम टांगरपानी के पास यात्रियों से भरी एक निजी ट्रेवल्स बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज कुनकुरी के होली क्रॉस हॉस्पिटल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, ‘जय बाला जी’ नामक निजी बस झारखंड के रामगढ़ से छत्तीसगढ़ के कोरबा जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे टांगरपानी के पास एक मोड़ पर बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ों से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस और प्रशासन की टीम भी एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
बस के दरवाजे नीचे दब जाने के कारण खिड़कियों और सामने के शीशे को काटकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को एम्बुलेंस के जरिए कुनकुरी स्थित होली क्रॉस हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। गंभीर घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस को आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हुई होगी। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और यातायात बहाल करने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही बस की फिटनेस, चालक की भूमिका और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।