CG Weather Update: अगले 48 घंटे झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले 48 घंटों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में अगले दो दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बिलासपुर, राजनांदगांव, धमतरी सहित आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर तेज बारिश होने का अनुमान है।

उमस से मिली राहत, मानसून होगा और सक्रिय

राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में गुरुवार को हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेशभर में मानसूनी गतिविधियां और तेज होंगी।

तापमान में भी बदलाव

गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार बारिश के चलते अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *