अमित शाह से मिले राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर हुई अहम चर्चा

नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ ने राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब की मौजूदा कानून-व्यवस्था, सीमा सुरक्षा और राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के बाद तरुण चुघ ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद, सीमा पार से ड्रोन के जरिए हो रही नशे और हथियारों की तस्करी, गैंगस्टर गतिविधियों तथा आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विषय उठाए। उन्होंने राज्य की वर्तमान परिस्थितियों और जनभावनाओं से भी अमित शाह को अवगत कराया तथा शांति, सुरक्षा और सुशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।

चुघ ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में पंजाब नशे, गैंगस्टरवाद, अपराध, सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद और कानून-व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता एक सुरक्षित, समृद्ध, नशामुक्त और विकासोन्मुख पंजाब चाहती है।

भाजपा नेता ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य में सुशासन, सुरक्षा, विकास और जनविश्वास का नया अध्याय शुरू होगा।

तरुण चुघ ने कहा कि शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह के आदर्शों से प्रेरित होकर भाजपा पंजाब को फिर से सुरक्षित, समृद्ध और नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अमित शाह का मार्गदर्शन और आशीर्वाद इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *