सरगुजा संभाग में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सर्पदंश और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों को दिए निर्देश

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में लगातार हो रही बारिश के बीच सर्पदंश और मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अनिल शुक्ला ने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान संक्रमण और सर्पदंश की घटनाओं में बढ़ोतरी होती है। ऐसे में सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।

उन्होंने सभी जिलों के अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम (ASV) सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों से अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय संसाधनों और उपचार व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के मौसम में किसी भी मरीज को उपचार के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *