आलोक मित्तल को मिली नई जिम्मेदारी, संभालेंगे BPR&D की कमान

चंडीगढ़। हरियाणा कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक कुमार मित्तल को केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी मिली है। वर्तमान में हरियाणा के जेल महानिदेशक (डीजी प्रिजन्स) के पद पर कार्यरत आलोक मित्तल को केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (BPR&D) का नया महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया गया है।

बीपीआरएंडडी केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्य करने वाली देश की प्रमुख संस्था है, जो पुलिस बलों के आधुनिकीकरण, अनुसंधान, प्रशिक्षण, क्षमता विकास और जेल प्रशासन में सुधार से जुड़े कार्यों का समन्वय करती है। यह संस्था केंद्र और राज्यों के बीच पुलिस सुधार एवं सुरक्षा संबंधी नीतियों को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

बीपीआरएंडडी के महानिदेशक का पद भारतीय पुलिस व्यवस्था के सबसे अहम पदों में माना जाता है। यह पद पुलिस बलों में नई तकनीक, आधुनिक प्रशिक्षण और नीति निर्माण के माध्यम से क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने का कार्य करता है।

आलोक मित्तल का कार्यकाल इस पद पर लंबा रहने की संभावना है, क्योंकि उनकी सेवानिवृत्ति 30 जून 2029 को निर्धारित है।

हरियाणा में अपने तीन दशक से अधिक लंबे सेवा काल के दौरान आलोक मित्तल ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे डीजी प्रिजन्स के अलावा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के महानिदेशक, सीआईडी में एडीजीपी, लॉ एंड ऑर्डर के एडीजीपी, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक तथा नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन के रेजिडेंट कमिश्नर जैसे अहम पदों पर भी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी नियुक्ति को पुलिस सुधार और आधुनिकीकरण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *