वायनाड। केरल के वायनाड जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंगलवार को बड़ा भूस्खलन हो गया। हादसा मेप्पाडी के कललाडी इलाके में मीनाक्षी पुल के पास उस समय हुआ, जब वायनाड टनल निर्माण परियोजना पर काम चल रहा था। भूस्खलन की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। टनल निर्माण के कारण मीनाक्षी पुल के पास मिट्टी का बड़ा टीला बना हुआ था। लगातार हो रही बारिश के चलते यह टीला और उससे सटी पहाड़ी का हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। भारी मात्रा में मलबा सड़क और पास बह रही नदी में जा गिरा, जिससे निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
भूस्खलन की चपेट में निर्माण कार्य में लगे प्रवासी मजदूरों का अस्थायी कैंप और वहां खड़ी दो बसें भी आ गईं। राहत एवं बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। वहीं, मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर अभियान जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह के समय होने के कारण कई मजदूर समय रहते सुरक्षित स्थानों की ओर भागने में सफल रहे, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया है।
स्थानीय प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और आपदा राहत दल संयुक्त रूप से बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। लगातार बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने आसपास के लोगों से सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।