TMC फंड केस में ED का बड़ा एक्शन, अभिषेक बनर्जी से जुड़ी चार्टर्ड एविएशन कंपनी के 5 ठिकानों पर छापेमारी

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बैंक खातों और चुनावी चंदे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कोलकाता और आसपास के इलाकों में स्थित पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई है।

ईडी की टीमों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के साथ सॉल्ट लेक, राजारहाट और राधाबाजार समेत विभिन्न स्थानों पर स्थित एक चार्टर्ड एविएशन कंपनी के निदेशकों के आवास और कार्यालयों में तलाशी अभियान चलाया। जांच एजेंसी दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

जांच के दायरे में आई ‘केयरवेल एविएशन’ कंपनी को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसके प्राइवेट विमान और हेलीकॉप्टरों का उपयोग टीएमसी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता अपने दौरे के दौरान करते रहे हैं। ईडी ने कंपनी के निदेशक पवन जाजू और राजेश जाजू से भी पूछताछ शुरू की है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चार्टर्ड विमानों के भुगतान के लिए कहीं टीएमसी के विवादित बैंक खातों का इस्तेमाल तो नहीं किया गया।

इस मामले में विवाद तब और बढ़ गया था, जब टीएमसी के पूर्व कोषाध्यक्ष अरूप विश्वास ने बैंक को पत्र लिखकर संबंधित खातों से लेन-देन रोकने और उन्हें फ्रीज करने की मांग की थी। इसके बाद वित्तीय गड़बड़ी को लेकर साइबर क्राइम शाखा में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद ये खाते जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए।

मामले ने राजनीतिक मोड़ तब लिया जब जयनगर से भाजपा विधायक ने तीन बैंक खातों में कथित अनियमितताओं और संदिग्ध लेन-देन का आरोप लगाते हुए बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया था। अब उसी जांच को आगे बढ़ाते हुए ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की जांच कर रही है।

वहीं, टीएमसी के पूर्व नेता रीतब्रत बनर्जी ने आरोप लगाया है कि अभिषेक बनर्जी की चार्टर्ड फ्लाइट्स का भुगतान इन्हीं विवादित फंडों से किया गया। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फिलहाल ईडी की छापेमारी जारी है और एजेंसी मामले से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड तथा डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *