‘मुझे ईरान से कोई डील नहीं करनी’— ट्रंप ने खत्म किया समझौता, दुनिया में बढ़ी हलचल

वॉशिंगटन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ भविष्य में किसी भी तरह की बातचीत या समझौते की संभावना को पूरी तरह खारिज कर दिया है। अंकारा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि “ईरान के साथ अब कोई समझौता नहीं होगा। हमने यह अध्याय पूरी तरह खत्म कर दिया है।”

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान की ओर से कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए हैं। इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और अधिक बढ़ गया है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर भरोसा न किए जाने की बात कहते हुए कहा कि ईरान ने अमेरिका को धोखा दिया है। उन्होंने कहा, “ईरान ने मुझसे झूठ बोला। ऐसे देश के साथ आगे बातचीत का कोई औचित्य नहीं है। उनके साथ किसी भी तरह की डील करना सिर्फ समय की बर्बादी है।”

ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिका का प्रमुख उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकना है। उन्होंने कहा कि अमेरिका तेहरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा और इस दिशा में हर जरूरी कदम उठाएगा।

यह टिप्पणी तुर्किए की राजधानी अंकारा में आयोजित दो दिवसीय नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान सामने आई। ट्रंप का बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों पर हुए हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की है। इन घटनाओं के चलते पश्चिम एशिया में सुरक्षा, स्थिरता और क्षेत्रीय तनाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता और गहरा गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *