CG : पहले कहा ‘शराबी दूल्हा’, अब उसी के साथ रचाई शादी, 16 दिन बाद बदली कहानी

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 16 दिन पहले मंडप में टूटी शादी का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। जिस दुल्हन मुस्कान प्रधान ने दूल्हे संत कुमार पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया था, उसी मुस्कान ने अब संत कुमार के साथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया है।

23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में आयोजित विवाह समारोह उस समय सुर्खियों में आ गया था, जब मुस्कान ने मंडप में ही शादी करने से इनकार कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पूरे प्रदेश में इसकी चर्चा होने लगी। मुस्कान के फैसले को महिलाओं के आत्मसम्मान और साहस से जोड़कर देखा गया। बाद में पुलिस प्रशासन ने भी उसकी सराहना करते हुए उसे परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी थी।

हालांकि, शादी टूटने के बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा। मुस्कान और संत कुमार ने बताया कि फोन पर लगातार बातचीत के दौरान दोनों ने उस दिन की घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की। धीरे-धीरे गलतफहमियां दूर हुईं और उन्होंने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया।

गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र में अपनी ड्यूटी पर पहुंची थी। दोपहर करीब दो बजे वह वहां से निकली और सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंच गई। यहां मनका दाई मंदिर में दोनों ने परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सात फेरे लेकर विवाह कर लिया। बताया गया कि लड़के के परिवार को इस विवाह की जानकारी पहले से थी, जबकि लड़की के परिजनों को इसकी सूचना बाद में मिली।

इस बीच संत कुमार ने दावा किया कि वह शराब का सेवन नहीं करते। उनके अनुसार, शादी वाले दिन किसी ने उनके कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वह नशे में हैं। उन्होंने इसे एक साजिश बताया और कहा कि बाद में उन्होंने मुस्कान से अपनी बात रखी तथा माफी भी मांगी।

उधर, परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद मुस्कान के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के अनुसार, मोबाइल बंद मिलने पर पुलिस और साइबर टीम ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुस्कान खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर में संत कुमार से विवाह कर चुकी है।

मुस्कान और संत कुमार का कहना है कि 23 जून की घटना गलतफहमी और कथित साजिश का परिणाम थी। अब सभी भ्रम दूर हो चुके हैं और दोनों ने आपसी सहमति से जीवनभर साथ रहने का फैसला किया है। 16 दिन पहले जिस शादी के टूटने की खबर पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी थी, वही रिश्ता अब दोबारा जुड़ने के कारण फिर सुर्खियों में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *