करियर डेस्क। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे आईटीआई पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने ट्रेड अप्रेंटिस के 187 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 2 जुलाई 2026 से शुरू हो चुके हैं और इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति बीएचईएल रानीपुर, हरिद्वार (उत्तराखंड) में की जाएगी। भर्ती के तहत फिटर के 74, मशीनिस्ट के 36, टर्नर के 26, वेल्डर के 17, इलेक्ट्रीशियन के 26, ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) के 4 तथा फाउंड्रीमैन के 4 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा। चयन 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। मेरिट तैयार करते समय आईटीआई के अंकों को 70 प्रतिशत और 10वीं के अंकों को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।
आयु सीमा
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, ओबीसी (एनसीएल) वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष तथा एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 वर्ष की छूट मिलेगी।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन एवं दस्तावेज सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, 10वीं की मार्कशीट या प्रमाणपत्र, आईटीआई की मार्कशीट, आधार कार्ड, जाति या ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), दिव्यांग प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), उत्तराखंड निवास प्रमाणपत्र (जहां लागू), राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप पोर्टल का पंजीकरण प्रमाणपत्र तथा कर्मचारी आश्रित प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) प्रस्तुत करना होगा।
जो उम्मीदवार इस भर्ती में आवेदन करना चाहते हैं, वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।