छत्तीसगढ़ में बारिश पर ब्रेक, उमस ने बढ़ाई परेशानी; इस दिन फिर बदलेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार पिछले कुछ दिनों से धीमी पड़ने के कारण अपेक्षित बारिश नहीं हो सकी, जिससे कई क्षेत्रों में उमस बढ़ गई है। हालांकि मौसम विभाग ने राहत भरी खबर देते हुए बताया है कि 13 जुलाई से प्रदेश में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर जिलों के कुछ क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने और बीच-बीच में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में दो प्रमुख मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पहला चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है, जबकि दूसरा उत्तर-पश्चिम बिहार और उससे लगे क्षेत्रों में सक्रिय है। इन सिस्टमों के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं मध्य भारत की ओर बढ़ रही हैं, जिससे छत्तीसगढ़ में बादलों की सक्रियता बढ़ी है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि इन दोनों सिस्टमों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलने के साथ खेती-किसानी को भी फायदा पहुंचेगा। साथ ही विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *