ईरान के हमले से होर्मुज में हड़कंप, UAE के तेल टैंकर निशाने पर; भारतीय नागरिक की मौत

तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य में मंगलवार को बड़ा समुद्री हमला हुआ। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यूएई के झंडे वाले दो तेल टैंकरों पर ईरानी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया, जिसमें चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यूएई रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि ओमान के जलक्षेत्र में होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी लेन से गुजर रहे मोम्बासा और बाहिया नामक टैंकरों को निशाना बनाया गया। मिसाइल हमले के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई, हालांकि बाद में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

मंत्रालय के मुताबिक, घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। हमले में टैंकर मोम्बासा के चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई।

यूएई ने जताया कड़ा विरोध

यूएई सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन और क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बताया है। सरकार ने कहा कि वह अपनी संप्रभुता, नागरिकों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखती है।

रक्षा मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि यूएई के सशस्त्र बल हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

ईरान का दावा

इस बीच ईरान ने दावा किया है कि उसके रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य से कथित रूप से अवैध तरीके से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को चेतावनी देने के लिए फायरिंग की थी। ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, नौसेना ने रणनीतिक जलमार्ग में नियमों के उल्लंघन के कारण कार्रवाई की।

हालांकि, यूएई ने इस दावे को खारिज करते हुए घटना को मिसाइल हमला बताया है। इस घटनाक्रम के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *