‘मोर बिजली ऐप’ से उपभोक्ता हो रहे जागरूक, घर बैठे मिल रही बिजली संबंधी सुविधाएं

रायपुर स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर बिजली का बिल नहीं बढ़ाता। विभाग के अनुसार यह मीटर केवल उपभोक्ता की वास्तविक बिजली खपत को रिकॉर्ड करता है और उसी के आधार पर सटीक बिल तैयार किया जाता है। यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल बढ़ा है तो इसका मुख्य कारण अधिक बिजली खपत और उच्च टैरिफ स्लैब में पहुंचना है, न कि स्मार्ट मीटर।

मोर बिजली ऐप से हर आधे घंटे की खपत पर नजर

विभाग ने बताया कि स्मार्ट मीटर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उपभोक्ता ‘मोर बिजली ऐप’ के माध्यम से हर आधे घंटे की बिजली खपत की जानकारी देख सकते हैं। इससे यह आसानी से पता लगाया जा सकता है कि कौन-से विद्युत उपकरण सबसे ज्यादा बिजली खर्च कर रहे हैं और किन उपायों से खपत कम की जा सकती है।

पहले उपभोक्ताओं को केवल महीने के अंत में बिजली बिल मिलने पर खपत की जानकारी मिलती थी, लेकिन अब पूरे महीने रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव है। इससे अनावश्यक बिजली उपयोग पर नियंत्रण रखने और बिल कम करने में मदद मिलती है।

बिजली की दरें स्लैब के अनुसार

विद्युत विभाग के अनुसार प्रदेश में बिजली दरें निर्धारित स्लैब के आधार पर लागू होती हैं।

  • 0 से 100 यूनिट – ₹4.40 प्रति यूनिट
  • 101 से 200 यूनिट – ₹4.50 प्रति यूनिट
  • 201 से 400 यूनिट – ₹6.00 प्रति यूनिट
  • 401 से 600 यूनिट – ₹7.00 प्रति यूनिट
  • 601 यूनिट से अधिक – ₹8.80 प्रति यूनिट

विभाग का कहना है कि जैसे ही बिजली की खपत अगले स्लैब में पहुंचती है, बिल स्वतः बढ़ जाता है। इसका स्मार्ट मीटर से कोई संबंध नहीं है।

गर्मी में बढ़ी खपत से बढ़ा बिल

विभाग के मुताबिक इस वर्ष अप्रैल, मई और जून में भीषण गर्मी के कारण एसी, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग बढ़ा, जिससे अधिकांश घरों की बिजली खपत बढ़ी और बिल भी अधिक आया। यह पूरी तरह मौसम और बिजली उपयोग पर निर्भर है।

हाफ बिजली योजना का भी मिलेगा लाभ

स्मार्ट मीटर की मदद से उपभोक्ता अपनी मासिक खपत पर नजर रखकर उसे 400 यूनिट से नीचे बनाए रखने की योजना बना सकते हैं। इससे राज्य सरकार की हाफ बिजली योजना का लाभ मिलता रहता है। यदि खपत 400 यूनिट से अधिक हो जाती है तो योजना का लाभ प्रभावित हो सकता है।

शिकायत के लिए 1912 पर करें संपर्क

विद्युत विभाग ने बताया कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी अधिकांश शिकायतों की जांच में मीटर सही पाया गया है। यदि किसी उपभोक्ता को मीटर संबंधी कोई शिकायत है तो वह 1912 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकता है।

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मोर बिजली ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें, बिजली की खपत पर नियमित निगरानी रखें और ऊर्जा संरक्षण के उपाय अपनाएं। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाकर बिजली बिल को और कम या शून्य करने का लाभ भी उठाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *