नई दिल्ली। इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp अपने यूजर्स की सुरक्षा और बेहतर अनुभव के लिए कई उपयोगी फीचर्स उपलब्ध कराता है। इन्हीं में से एक है ‘Silence Unknown Callers’ फीचर, जो अनजान नंबरों से आने वाली ऑडियो और वीडियो कॉल्स को अपने आप साइलेंट कर देता है। यह फीचर स्पैम और साइबर ठगी से बचाव में भी काफी मददगार माना जा रहा है।
आज के समय में अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स के जरिए साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में यह फीचर आपकी रिंगटोन बजने से रोकता है, जिससे अनचाही कॉल्स से होने वाली परेशानी कम हो जाती है। हालांकि, कॉल पूरी तरह गायब नहीं होती। उसकी जानकारी WhatsApp के Call Tab में सुरक्षित रहती है, जिससे जरूरत पड़ने पर यूजर बाद में कॉल लॉग देखकर संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर सकता है।
साइबर विशेषज्ञों का मानना है कि अधिकांश ऑनलाइन ठगी की शुरुआत अनजान कॉल रिसीव करने के बाद होती है। ऐसे में यह फीचर यूजर्स के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कवच का काम करता है।
ऐसे करें ‘Silence Unknown Callers’ फीचर ऑन
- WhatsApp खोलें।
- ऊपर दाईं ओर दिए गए Three Dot Menu पर टैप करें।
- Settings में जाएं।
- Privacy विकल्प खोलें।
- नीचे स्क्रॉल कर Calls सेक्शन में जाएं।
- Silence Unknown Callers विकल्प को ON कर दें।
फीचर सक्रिय होते ही अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स अपने आप साइलेंट हो जाएंगी, जबकि उनकी जानकारी कॉल हिस्ट्री में उपलब्ध रहेगी। इससे स्पैम कॉल्स से राहत मिलने के साथ-साथ महत्वपूर्ण कॉल मिस होने की संभावना भी कम हो जाती है।