जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एटीएम चोरी के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार देर रात नगर बाजार स्थित एक एटीएम को बदमाशों ने पूरी तैयारी के साथ उखाड़ लिया और उसमें रखी नकदी लूटने की कोशिश की। हालांकि, वे कैश बॉक्स से रकम निकालने में सफल नहीं हो सके और उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। मामला नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, देर रात बदमाश एटीएम बूथ पहुंचे और मशीन को उखाड़कर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्होंने कैश बॉक्स खोलकर नकदी निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार आरोपी कैश बॉक्स को सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल वारदात में शामिल आरोपियों की संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।