महाकाल की शरण में कार्तिक आर्यन, नेशनल अवॉर्ड के बाद उज्जैन पहुंचकर लिया आशीर्वाद

मुंबई/उज्जैन 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘बेस्ट एक्टर’ का सम्मान मिलने के बाद अभिनेता कार्तिक आर्यन भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनके माता-पिता भी मौजूद रहे। परिवार ने महाकाल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और पवित्र शयन आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कार्तिक आर्यन गर्भगृह में माथा टेकने के बाद परिवार के साथ नंदी हॉल में हाथ जोड़कर काफी देर तक ध्यानमग्न दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने सफेद टी-शर्ट और नीली डेनिम जींस पहन रखी थी। अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी महाकाल मंदिर की तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “जय महाकाल।”

कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में दमदार अभिनय के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (बेस्ट एक्टर) का सम्मान मिला है। वर्ष 2024 में रिलीज हुई यह फिल्म भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर के प्रेरणादायक जीवन पर आधारित स्पोर्ट्स ड्रामा है।

फिल्म का निर्देशन कबीर खान ने किया है, जबकि इसके निर्माता साजिद नाडियाडवाला हैं। फिल्म में कार्तिक आर्यन ने मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाया है। उनके अलावा विजय राज, भुवन अरोड़ा और राजपाल यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।

फिल्म में मुरलीकांत पेटकर के संघर्ष और जज्बे को दिखाया गया है। भारतीय सेना में बॉक्सर के रूप में करियर शुरू करने वाले पेटकर 1965 के भारत-पाक युद्ध में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी, तैराकी को अपनाया और 1972 के हेडलबर्ग पैरालंपिक में भारत के लिए पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

‘चंदू चैंपियन’ में कार्तिक आर्यन के शारीरिक परिवर्तन, समर्पण और भावनात्मक अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा। इस फिल्म ने उनकी ‘लवर बॉय’ वाली छवि से अलग एक गंभीर और दमदार अभिनेता के रूप में नई पहचान दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *