दुर्ग। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा एवं राज्य सचिव बृजेश कुमार बाजपेयी के निर्देशन तथा जिला अध्यक्ष अशोक देशमुख, जिला मुख्य आयुक्त जीत यादव और जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला कमिश्नर अरविंद मिश्रा के मार्गदर्शन में दुर्ग जिले के रीतेश कुमार ताम्रकार (एडवांस रोवर), सुभाष ओपन रोवर क्रू, दुर्ग का चयन राष्ट्रीय स्तर के रथयात्रा सेवा शिविर के संचालन दल (स्टाफ) में किया गया है।
राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय रथयात्रा सेवा शिविर 14 से 18 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय परिसर, पुरी (ओडिशा) में आयोजित किया गया। इस प्रतिष्ठित शिविर में संचालन दल के सदस्य के रूप में चयन होना जिले के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
रीतेश कुमार ताम्रकार के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से स्काउट-गाइड परिवार एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे दुर्ग जिला एवं छत्तीसगढ़ राज्य के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया।
जिला संगठन आयुक्त (बालक) दास राऊत ने रीतेश कुमार ताम्रकार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सेवाएं देकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।