भिलाई। कारगिल योद्धा अमर शहीद वीर चक्र सम्मानित कौशल यादव के 27वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ आर्मी वेलफेयर फाउंडेशन के द्वारा 25 जुलाई सुबह 11 बजे हुडको स्थित कौशल यादव स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि सभा व स्मृति समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के संबंध में गुरूवार को छत्तीसगढ़ आर्मी वेलफेयर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता के माध्यम से जानकारी दी।
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष हरप्रीत सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में कारगिल योद्धा अमर शहीद वीर चक्र सम्मानित कौशल यादव के 27वें शहीद दिवस के अवसर पर दिनांक 25 जुलाई को एक भव्य श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर शहीद कौशल यादव के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। यह कार्यक्रम नई पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रसेवा एवं सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का एक विनम्र प्रयास है।
स्मृति दिवस समारोह के दौरान रक्त दान शिविर व स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष ने प्रदेश के सभी पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों लथा समस्त नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अमर शहीद कौशल यादव को श्रद्धासुमन अर्पित करें तथा उनके सर्वोच्च बलिदान को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि दें। प्रेस वार्ता के दौरान हरप्रित सिंग (पूर्व सैनिक एडवेंचर), कैप्टन ओपी सिंह, मनीष शर्मा, वीके सिंह, बेनी प्रसाद, शैलेन्द्र कुमार, नेहा मोदी आदि उपस्थित रहे।