रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। शनिवार के लिए 23 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम 3 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। हालांकि इस मानसून सीजन में अब तक राज्य में औसत से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आंशिक से सामान्य बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन 23 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से अरब सागर से आने वाली नमी प्रभावित हुई है, जिससे मानसूनी गतिविधियों में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके बावजूद प्रदेश में मानसून पूरी तरह कमजोर नहीं पड़ा है और अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।