मुंबई। बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर (SO), जनरल बैंकिंग ऑफिसर (GBO) और अन्य विशेषज्ञ पदों सहित कुल 395 रिक्तियों पर नियमित भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बैंक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 395 पदों में मैनेजर के 163, सीनियर मैनेजर के 153, चीफ मैनेजर के 52, असिस्टेंट जनरल मैनेजर के 20 और डिप्टी जनरल मैनेजर के 7 पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरू हो चुकी है।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 22 से 25 वर्ष तथा अधिकतम आयु 30 से 50 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
शैक्षणिक योग्यता संबंधित पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन, बीई/बीटेक, एमसीए, बीसीए, बीकॉम, सीए, सीएमए (ICMAI), सीएस या अन्य संबंधित डिग्री होना आवश्यक है।
चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन (GD) और पर्सनल इंटरव्यू (PI) शामिल होंगे। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार ₹64,820 से ₹1,56,500 प्रति माह तक वेतन मिलेगा।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए ₹1,180, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ₹177 निर्धारित किया गया है।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा जारी विस्तृत आधिकारिक अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक शर्तों की सही जानकारी प्राप्त हो सके।