रोजगार और निवेश के नए अवसर, छत्तीसगढ़ में चार इंडस्ट्रियल पार्कों की स्थापना को मंजूरी

रायपुर छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और निवेश को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय औद्योगिक विकास समिति की बैठक में प्रदेश के चार नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव विकासशील ने की।

चार जिलों में स्थापित होंगे आधुनिक औद्योगिक पार्क

समिति की दूसरी बैठक में विभिन्न जिलों में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद चार नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई।

स्वीकृत परियोजनाओं में शामिल हैं—

  • राजनांदगांव के पटेवा में स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
  • धमतरी के पटेवा में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
  • जांजगीर-चांपा के धूम्रपाली-सलखान क्षेत्र में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
  • बस्तर के नियानार में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर

इन परियोजनाओं के शुरू होने से प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल

औद्योगिक पार्कों का विकास केंद्र सरकार की औद्योगिक योजना और राज्य सरकार की औद्योगिक विकास नीति के तहत किया जा रहा है। परियोजनाओं को समयबद्ध स्वीकृति और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने की समीक्षा

बैठक में वित्त, उद्योग, आवास एवं पर्यावरण, ऊर्जा, राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति, निवेश की संभावनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

राज्य सरकार का मानना है कि नए औद्योगिक पार्कों के विकसित होने से छत्तीसगढ़ में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और प्रदेश निवेशकों के लिए एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगा। साथ ही, इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *