- विधायक रिकेश सेन की समर्थकों से की अपील
- सरकारी पोल से तत्काल पोस्टर हटाने के निर्देश
भिलाई नगर, 30 जुलाई।वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने अपने आगामी जन्मदिन को लेकर समर्थकों और कार्यकर्ताओं से एक बेहद अनूठी और अनुकरणीय अपील की है। उन्होंने आगामी 10 अगस्त को अपने जन्मदिन के अवसर पर शहर में पोस्टर-बैनर लगाने की होड़ को छोड़कर, अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण की प्रतियोगिता करने का आह्वान किया है।विधायक रिकेश सेन ने कहा कि अमूमन जन्मदिन के मौके पर समर्थक बड़ी संख्या में बधाई संदेशों के पोस्टर लगाते हैं, जिससे सार्वजनिक संपत्तियों की सुंदरता प्रभावित होती है। उन्होंने इस बार समर्थकों से ऐसी किसी भी प्रतिस्पर्धा से दूर रहने को कहा है। इसके बजाय, विधायक ने हर समर्थक से इस दिन को पर्यावरण के प्रति समर्पित करते हुए पौधरोपण अभियान चलाने की बात कही है।
सरकारी खंभों पर पोस्टर लगाने पर सख्त मनाही
विधायक ने साफ तौर पर निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नगर निगम क्षेत्र के किसी भी सरकारी पोल (खंभे) या सार्वजनिक स्थान पर उनका कोई भी बधाई पोस्टर न लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई समर्थक उत्साह में आकर सरकारी पोल पर पोस्टर लगाता भी है, तो उसे तत्काल वहां से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को विरूपित करने के बजाय हमारा ध्यान पर्यावरण को बेहतर बनाने पर होना चाहिए।

पोस्टर की जगह ‘पौधा’ बने जन्मदिन का उपहार
रिकेश सेन की इस पहल का सीधा संदेश है कि उत्सवों को सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी से जोड़ा जाए। उन्होंने समर्थकों से अपील की है कि 10 अगस्त को जन्मदिन की बधाई देने के लिए पोस्टर लगाने के बजाय, एक पौधा लगाया जाए। यदि क्षेत्र के समर्थक इस अपील को एक बड़े अभियान का रूप देते हैं, तो आगामी 10 अगस्त को पूरे वैशाली नगर क्षेत्र में रिकॉर्ड स्तर पर पौधरोपण हो सकता है, जिससे शहर को एक नई हरियाली और स्वच्छ हवा मिलेगी।