बाबा बैद्यनाथ धाम की पवित्र यात्रा पर दुर्ग से 200 शिवभक्तों का पहला जत्था रवाना

दुर्ग। सावन माह के प्रथम दिवस पर शिवभक्ति का अनुपम दृश्य दुर्ग रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला। बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) में जलाभिषेक के लिए बोलबम सेवा समिति, गंजपारा के लगभग 200 शिवभक्तों का पहला जत्था विशेष ट्रेन से सुल्तानगंज होते हुए देवघर के लिए रवाना हुआ। कंधों पर कांवड़, भगवा वस्त्र और “बोल बम” तथा “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोषों से पूरा स्टेशन शिवमय हो गया।

श्रद्धालुओं को कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर अलका बाघमार, नगर निगम सभापति श्याम शर्मा, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल एवं आर.एन. वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।

बोलबम सेवा समिति के मनोज गुप्ता (लाला) एवं सुरेश गुप्ता ने बताया कि रवाना होने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने यात्रियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं, वहीं अरुण वोरा ने शहर, प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम में अर्पित करने हेतु समिति को त्रिशूल भेंट किया। सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की गई।

इस अवसर पर गजेन्द्र यादव ने कहा कि “ऐसी धार्मिक यात्राएं हमारी आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ करती हैं।”

पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि “बाबा धाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सामूहिक एकता, अनुशासन और भारतीय संस्कृति का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भक्ति भावना का संचार करते हैं।”

वहीं विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि “यह यात्रा हमारी श्रद्धा, संस्कृति और सामूहिक आस्था का प्रतीक है। बाबा भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलमय करें।”

यात्रा में शामिल शिवभक्त प्रकाश ठाकुर, जो पेशे से मेडिकल स्टोर संचालक हैं, अपने साथ सभी श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक दवाइयां, दर्द निवारक लोशन एवं अन्य उपयोगी चिकित्सा सामग्री लेकर रवाना हुए हैं। वे पूरी यात्रा के दौरान शिवभक्तों को यह सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराएंगे। उनकी इस सेवा भावना की सभी ने सराहना की।

श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम स्टेशन परिसर में देखने को मिला। यह जत्था सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल लेकर कांवड़ यात्रा प्रारंभ करेगा और देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करेगा।

इस अवसर पर सत्ती चौरा दुर्गा मंदिर के संरक्षक अजय शर्मा, नवल अग्रवाल, जन समर्पण सेवा संस्था के अध्यक्ष बंटी शर्मा, गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि पीडियार, रायसिंह ढिकौला, फत्ते भाटिया, शिव नायक, विवेक मिश्रा, गुरदीप भाटिया, विकास पुरोहित, राहुल शर्मा, सतबीर शर्मा, ऋषि साहू, सुजल शर्मा, भार्गव चक्रधारी, शिबू मिर्जा, सुधीर कुमार, दिनेश शर्मा, राकेश महोबिया सहित सैकड़ों शिवभक्त उपस्थित रहे।

स्टेशन परिसर पूरे समय “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोषों से गूंजता रहा, जिससे सावन के पहले दिन दुर्ग में शिवभक्ति का अनुपम वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *