पुणे। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने शनिवार को देश के युवाओं से राष्ट्रहित को सबसे ऊपर रखने और कर्तव्य, त्याग व राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ का सपना तभी पूरा होगा, जब हर नागरिक देश निर्माण को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आएगा।
पुणे में लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड-2026 ग्रहण करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डोभाल ने कहा कि युवाओं को व्यक्तिगत और अल्पकालिक हितों से ऊपर उठकर देश के भविष्य के लिए काम करने का संकल्प लेना चाहिए।
‘आजादी का मतलब मनमर्जी नहीं’: डोभाल
युवाओं को संदेश देते हुए अजीत डोभाल ने कहा कि आज की पीढ़ी को आजादी का सही अर्थ समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आजादी को अपनी मनमर्जी से जोड़ लेते हैं, जबकि यह सोच गलत है।
उन्होंने कहा कि जो रास्ता राष्ट्रहित के खिलाफ जाता है, उससे बचना चाहिए। भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना हर नागरिक का पहला कर्तव्य होना चाहिए।
राष्ट्रहित को दें व्यक्तिगत हितों से ऊपर प्राथमिकता
डोभाल ने कहा कि देश निर्माण आज सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। अगर कभी व्यक्तिगत हित और राष्ट्रहित के बीच टकराव की स्थिति आए तो युवाओं को राष्ट्रहित को चुनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। इसलिए आजादी केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को निभाने का भी संकल्प है।
लोकमान्य तिलक के आदर्शों को बताया प्रेरणा
NSA डोभाल ने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक को महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और विचारक बताते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्रसेवा का मार्ग नहीं छोड़ा।
उन्होंने कहा कि तिलक ने देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना जगाई और स्वराज के आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया। उनका संदेश “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है” केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरणा भी देता है।
मोदी और शाह के नेतृत्व की सराहना
अजीत डोभाल ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे नेतृत्व का मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत विकास के अपने लक्ष्य को हासिल करेगा और आने वाले वर्षों में इतिहास का नया अध्याय लिखेगा।
समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया।