रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार की अहम कैबिनेट बैठक आज बुधवार को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित होगी। सुबह 11:30 बजे मंत्रिपरिषद कक्ष में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। बैठक में राज्य के विकास, कृषि, खाद्य व्यवस्था, बीज उपलब्धता और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हो सकता है। इसके अलावा किसानों, युवाओं और विभिन्न विभागों से जुड़े कई नीतिगत प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल की मुहर लगने की उम्मीद है।
किसानों और कृषि व्यवस्था पर रहेगा फोकस
कैबिनेट बैठक में खरीफ और रबी सीजन के लिए उर्वरक एवं प्रमाणित बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के उपायों की समीक्षा की जाएगी। सरकार कृषि क्षेत्र को और मजबूत बनाने तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नई रणनीति पर भी चर्चा कर सकती है।
पिछली बैठक में हुए थे बड़े फैसले
पिछली कैबिनेट बैठक में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने और उसकी आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंत्री-मंडलीय उपसमिति के गठन को मंजूरी दी गई थी। यह समिति उर्वरक प्रबंधन से जुड़े विषयों पर सरकार को सुझाव देगी और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों व संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी राय ले सकेगी।
इसके अलावा राज्य सरकार ने अग्निवीरों के पुनर्वास को लेकर बड़ा निर्णय लेते हुए पुलिस विभाग में आरक्षक, वन विभाग में वनरक्षक और जेल विभाग में प्रहरी के तृतीय श्रेणी के सीधी भर्ती वाले पदों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके लिए विशेष आरक्षण नियम-2026 तैयार करने का भी निर्णय लिया गया था।
बैठक पर टिकी हैं सबकी निगाहें
आज की कैबिनेट बैठक को सरकार की आगामी योजनाओं और नीतिगत फैसलों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कृषि सुधार, जनहित, प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों से जुड़े कई अहम निर्णय लिए जा सकते हैं। बैठक समाप्त होने के बाद सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर फैसलों की जानकारी जारी की जाएगी।