भटगांव विधानसभा के 97 गांवों में होगा विद्युत विस्तार, 11.62 करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी

सूरजपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में विद्युत विस्तार कार्य के लिए लगभग 11.62 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। इस पहल से हजारों ग्रामीण परिवारों को बिजली की सुविधा का लाभ मिलेगा।

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से स्वीकृत इस परियोजना के अंतर्गत सूरजपुर जिले के दूरस्थ गांवों और मोहल्लों तक विद्युत सुविधा पहुंचाई जाएगी।

राज्य शासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड भैयाथान के 36 गांवों के 109 मोहल्लों एवं पारों, ओड़गी के 32 गांवों के 68 मोहल्लों तथा सूरजपुर विकासखंड के 29 गांवों के 53 मोहल्लों एवं पारों में विद्युत विस्तार कार्य किया जाएगा।

यह परियोजना विशेष रूप से उन ग्रामीण और जनजातीय बस्तियों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां अब तक पर्याप्त बिजली सुविधा उपलब्ध नहीं थी। विद्युत सुविधा मिलने से बच्चों की शिक्षा, घरेलू कार्य, पेयजल व्यवस्था, कृषि गतिविधियों और ग्रामीण स्वरोजगार को नई गति मिलेगी।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वीकृति भटगांव विधानसभा के सामाजिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता हर घर और हर आंगन तक बिजली पहुंचाना है, जिससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *