भिलाई। सेक्टर-7 स्थित शिवधाम में सावन के दूसरे सोमवार 10 अगस्त को भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। शिवधाम सेवा समिति के तत्वावधान में महारुद्राभिषेक, महाभंडारा और महाआरती का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर शिवधाम को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया है।
शिवधाम सेवा समिति के संरक्षक एवं भिलाई निगम के एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि सोमवार सुबह 7 बजे महारुद्राभिषेक, सुबह 11 बजे महाभंडारा तथा शाम 6 बजे महाआरती होगी। आयोजन में करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने और महाप्रसाद ग्रहण करने का अनुमान है।
एक रंग की साड़ी में सेवा करेंगी महिलाएं
आयोजन को सफल बनाने के लिए वार्ड की करीब 550 से 600 महिलाएं एक ही रंग की साड़ी पहनकर पूरे दिन सेवा कार्य में जुटी रहेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
1111 दीपों से होगा तालाब का दीपोत्सव
शिवधाम आयोजन का विशेष आकर्षण 1111 दीपों से शिवधाम तालाब का दीपोत्सव रहेगा। शाम के समय तालाब में जलते दीपों से मनोहारी दृश्य देखने को मिलेगा। धार्मिक आयोजन के साथ दीपोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
आयोजन को लेकर शिवधाम परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत और महाप्रसाद वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समिति के सदस्य सक्रियता से जुटे हुए हैं।