1961 से 1977 तक के पूर्व छात्र होंगे एकजुट, भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 में 6 सितंबर को मिलन समारोह

भिलाई। भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के पूर्व छात्रों का मिलन समारोह इस बार उनके बचपन के स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर एलुमनी परिवार में खासा उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि स्कूल परिसर में होने वाला यह समारोह 50-60 वर्ष पुरानी यादों को एक बार फिर ताजा करेगा।

भिलाई विद्यालय एलुमनी के अध्यक्ष श्री नरेश खोसला और महासचिव रामसमुझ कनोजिया ने संयुक्त रूप से बताया कि मिलन समारोह सुबह 10:30 बजे नाश्ते के साथ शुरू होगा और दोपहर के भोजन तथा शाम की चाय के साथ शाम 5:30 बजे संपन्न होगा। समारोह में करीब 100 से 150 पूर्व छात्रों के शामिल होने की संभावना है।

पूर्व छात्र करेंगे स्वास्थ्य जांच

समारोह की खास बात यह होगी कि भिलाई विद्यालय का नाम रोशन करने वाले पूर्व छात्र और चिकित्सक अपने साथियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देंगे। इनमें डॉ. भागवत राय (आंख, नाक एवं गला विशेषज्ञ), डॉ. अरविंद प्रकाश सावंत (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. शशि कुमार और डॉ. पुरुषोत्तम खापरे शामिल हैं।

चिकित्सकों द्वारा पूर्व छात्रों की मेडिकल जांच भी की जाएगी और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी जरूरी सलाह दी जाएगी। आयोजकों के मुताबिक, मिलन समारोह के दौरान स्कूल में वर्तमान में पढ़ रहे बच्चों के लिए भी मेडिकल कैंप लगाया जाएगा। इसमें बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें स्वस्थ रहने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।

गीत-संगीत से सजेगा समारोह

मिलन समारोह में महिला और पुरुष पूर्व छात्रों के लिए गीत-संगीत का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए सभी साथी पुराने दिनों की यादों को साझा करते हुए मनोरंजन का आनंद लेंगे।

कई पूर्व छात्रों का मिल रहा सहयोग

समारोह को भव्य और यादगार बनाने में भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के पूर्व छात्रों का विशेष सहयोग मिल रहा है। इनमें प्रेम प्रकाश पाण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ शासन, संरक्षक अजय गुप्ता (दिल्ली), नरेश ग्रोवर (जबलपुर), अविनाश पाण्डेय (बिलासपुर), वरिष्ठ पत्रकार दिवाकर मुक्तिबोध (रायपुर), गीरिश बंसल (भिलाई), चेयरमैन नेतराम अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र नायडू, कोषाध्यक्ष इन्द्र दत्त मित्तल सहित कार्यकारिणी के सदस्य शामिल हैं।

आयोजकों ने बताया कि समारोह का उद्देश्य पुराने सहपाठियों को एक मंच पर लाकर उनके बीच आत्मीय संबंधों को और मजबूत करना है। स्कूल परिसर में होने के कारण यह आयोजन सभी पूर्व छात्रों के लिए भावनात्मक और यादगार अवसर साबित होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *