अंडरब्रिज में ट्रक फंसा, एंगल टूटने से रास्ता हुआ बंद

भाटापारा। देर रात भाटापारा के अंडरब्रिज में तेज रफ्तार ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह अंडरब्रिज के प्रवेश द्वार पर लगे भारी लोहे के एंगल को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। हादसे के बाद अंडरब्रिज के भीतर मलबा और क्षतिग्रस्त लोहे के हिस्से बिखर गए, जिसके चलते यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर बेहद जोरदार थी। ट्रक एंगल को क्षतिग्रस्त करने के बाद काफी दूर तक अंडरब्रिज के भीतर पहुंच गया। हादसे में ट्रक चालक के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर अंडरब्रिज से आवागमन बंद करा दिया। फिलहाल दोनों ओर से रास्ता बंद है। क्षतिग्रस्त लोहे के एंगल और मलबे को हटाने के बाद ही यातायात बहाल किया जा सकेगा।

अंडरब्रिज बंद होने से सुबह यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है और रास्ता जल्द सामान्य करने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *