कंगना रनौत ने बाबा रामदेव को दिया करारा जवाब, निजी जिंदगी को लेकर क्यों भड़कीं अभिनेत्री?

नई दिल्ली: ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान को लेकर भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत तथा योग गुरु बाबा रामदेव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। कंगना के बयान पर सवाल उठाने वाले बाबा रामदेव को अब अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए करारा जवाब दिया है। कंगना ने रामदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें उनकी जवानी और बेडरूम को लेकर दिन में सपने नहीं देखने चाहिए।

कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बाबा रामदेव पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के अतीत को लेकर केवल अफवाहों और गॉसिप के आधार पर अंदाजा लगाया जा सकता है। रामदेव पर निशाना साधते हुए कंगना ने उनके पुराने विवादों का जिक्र किया और कहा कि उन्हें कभी सुप्रीम कोर्ट से झूठे और भ्रामक चिकित्सकीय दावों को लेकर फटकार नहीं मिली।

कंगना ने आगे कहा, “इसलिए मुझे कैरेक्टर के सबक मत दीजिए। आपसे तो बहुत ज्यादा बेहतर है मेरा कैरेक्टर।”

रामदेव ने कंगना के बयान पर उठाए थे सवाल

दरअसल, कंगना रनौत के ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान पर बाबा रामदेव ने एक टीवी इंटरव्यू में प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि पूरी युवा पीढ़ी को ‘गटर’ कहना उचित नहीं है और इस तरह की टिप्पणी गलत सोच को दर्शाती है। रामदेव ने यह भी कहा था कि भाजपा को ऐसे बयानों पर संज्ञान लेना चाहिए।

रामदेव के मुताबिक, आज का युवा देश की बड़ी ताकत है और कुछ युवाओं के व्यवहार के आधार पर पूरी पीढ़ी को गलत ठहराना सही नहीं है। उन्होंने युवाओं को देश के वर्तमान और भविष्य का प्रतिनिधि बताया था।

जंतर-मंतर के छात्र आंदोलन से शुरू हुआ विवाद

कंगना रनौत का ‘गटर जेनरेशन’ वाला बयान जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बाद सामने आया था। जुलाई में सोशल मीडिया पर किए गए कई पोस्ट में कंगना ने प्रदर्शन में शामिल कुछ युवाओं और महिलाओं के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘गटर जेनरेशन’ कहा था।

इस बयान के बाद विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने कंगना की आलोचना की थी। विवाद बढ़ने पर अभिनेत्री ने सफाई देते हुए कहा था कि उनका निशाना पूरी युवा पीढ़ी या सभी युवाओं पर नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक व्यवहार और भाषा की मर्यादा पार करने वाले लोगों को लेकर थी।

अब बाबा रामदेव की टिप्पणी के बाद कंगना के तीखे पलटवार ने इस विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया है। दोनों के बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *