बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 56 नव-नियुक्त सिविल जजों (जूनियर डिवीजन) की पहली पदस्थापना कर दी है। इसके साथ ही न्यायिक सेवा के 15 अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियों से जुड़े आदेश भी जारी किए गए हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी अलग-अलग अधिसूचनाओं के जरिए न्यायिक अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में यह बदलाव किया गया है।
29 अगस्त तक संभालना होगा पदभार
राज्य शासन द्वारा परवीक्षाधीन अवधि पर नियुक्त किए गए 56 नए सिविल जजों को पहली बार विभिन्न न्यायालयों में पदस्थ किया गया है। हाईकोर्ट ने सभी नव-नियुक्त अधिकारियों को 29 अगस्त 2026 तक अपने निर्धारित पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा हायर ज्यूडिशियल सर्विस (HJS) के पांच न्यायिक अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं। आदेशों के तहत कई अधिकारियों को नई अदालतों और महत्वपूर्ण न्यायिक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कई प्रमुख न्यायिक अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरिश कुमार अवस्थी को रायपुर में प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं ममता पटेल को अंबिकापुर से स्थानांतरित कर बिलासपुर में द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी दी गई है।
ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से राजनांदगांव में न्यायाधीश के पद पर पदस्थ किया गया है। इसी तरह नमिता मिंज भास्कर को धमतरी और एन. सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी), दंतेवाड़ा भेजा गया है।
रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए रायपुर विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश बनाया गया है।
अंबिकापुर में भी नई जिम्मेदारियां
अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है, जबकि स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो कोर्ट) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीनियर डिवीजन में भी तबादले
सिविल जज सीनियर डिवीजन संवर्ग में भी कई अधिकारियों को नई पदस्थापना दी गई है। सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुंगेली का मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) सह प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन बनाया गया है।
इसके अलावा भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव में पदस्थ किया गया है।
हाईकोर्ट में OSD बनाए गए रवि कुमार कश्यप
दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में ओएसडी (OSD) नियुक्त किया गया है। वहीं सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के सात अन्य न्यायिक अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।
हाईकोर्ट द्वारा किए गए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना के साथ विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है।