ATM से कैश निकालने वालों के लिए जरूरी खबर, SBI में फ्री लिमिट के बाद लगेगा ₹15 चार्ज

नई दिल्ली, 20 अगस्त 2026। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) खाताधारकों के लिए नकद निकासी से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। अब ग्राहकों को हर महीने चार बार तक मुफ्त नकद निकासी की सुविधा मिलेगी। इसके बाद होने वाली प्रत्येक नकद निकासी पर 15 रुपये प्रति लेनदेन का शुल्क देना होगा। इस शुल्क पर GST अलग से लागू होगा।

बैंक ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए नए नियमों की जानकारी साझा की। SBI के मुताबिक, मुफ्त नकद निकासी की तय सीमा पार होने के बाद हर अतिरिक्त लेनदेन पर निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।

डिजिटल लेनदेन रहेंगे मुफ्त

SBI ने स्पष्ट किया है कि इस बदलाव का असर डिजिटल लेनदेन पर नहीं पड़ेगा। बैंक के अनुसार, डिजिटल ट्रांजैक्शन पहले की तरह मुफ्त रहेंगे। ग्राहक डिजिटल माध्यमों से लेनदेन बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के कर सकेंगे।

AEPS लेनदेन के नियमों में भी बदलाव

बैंक ने आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AEPS) से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया है। पहले चार मुफ्त लेनदेन की गणना में AEPS लेनदेन को शामिल नहीं किया जाता था। अब इस तरह की अलग छूट को समाप्त कर दिया गया है।

इसका मतलब है कि मुफ्त लेनदेन की गणना में AEPS लेनदेन भी शामिल होंगे। निर्धारित मुफ्त सीमा समाप्त होने के बाद लागू शुल्क के अनुसार अतिरिक्त निकासी पर चार्ज लिया जा सकता है।

पहली तिमाही में SBI का मुनाफा बढ़ा

इस बीच, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में SBI के वित्तीय प्रदर्शन में भी सुधार दर्ज किया गया। बैंक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 10.23 प्रतिशत बढ़कर 21,121.22 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में यह 19,160.44 करोड़ रुपये था।

बैंक की ब्याज से आय भी 8.5 प्रतिशत बढ़कर 1,27,896.46 करोड़ रुपये पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 1,17,830.28 करोड़ रुपये थी।

अन्य आय को मिलाकर SBI की कुल आय पहली तिमाही में 6.2 प्रतिशत बढ़कर 1,43,819.15 करोड़ रुपये हो गई। हालांकि, बैंक के कुल खर्च में भी वृद्धि हुई और यह सालाना आधार पर 5.2 प्रतिशत बढ़कर 1,10,289.97 करोड़ रुपये रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *