बेटे को बचाने पहाड़ी से कूदे पिता, आंखों के सामने परिवार को खत्म होता देख मां ने भी दे दी जान

छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। देवलाई क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक आत्महत्या करने के इरादे से पहाड़ी के किनारे पहुंच गया। करीब तीन घंटे तक माता-पिता, ग्रामीणों और पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। आखिरकार बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी पहाड़ी से नीचे जा गिरे। पति और बेटे को आंखों के सामने खोने के बाद मां ने भी उसी स्थान से छलांग लगा दी।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। युवक पहाड़ी के किनारे खड़ा होकर नीचे कूदने की धमकी दे रहा था। परिवार के लोग उसे लगातार समझाते रहे। पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित वापस लाने का प्रयास किया। माता-पिता ने उसे भविष्य और परिवार का वास्ता देकर काफी देर तक मनाया, लेकिन युवक पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ।

करीब तीन घंटे तक समझाने के बाद दोपहर लगभग 1 बजे युवक पहाड़ी के अंतिम छोर की ओर बढ़ने लगा। बेटे को खाई में गिरने से बचाने के लिए पिता तुरंत उसके पास पहुंचे और उसे पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र नीचे जा गिरे।

पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने गिरते देख मां बदहवास हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह इस सदमे को सहन नहीं कर सकी और उसने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस तरह कुछ ही पलों में पूरा परिवार खत्म हो गया।

प्रत्यक्षदर्शी संजय जाधव ने बताया कि युवक को रोकने के लिए उसकी मां लगातार रोते हुए विनती कर रही थी। पुलिस और आसपास मौजूद लोगों ने भी उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों के वीडियो बनाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जब परिवार और पुलिस युवक को बचाने की कोशिश में जुटे थे, तब कुछ पर्यटक और स्थानीय लोग घटना का वीडियो बना रहे थे। इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *