पैलेट गन मामले में राहुल गांधी का विरोध, DCP कार्यालय के बाहर धरना देकर की FIR की मांग

नई दिल्ली: छात्रों पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर दिल्ली में सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस की ओर से तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने पर राहुल गांधी कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौके पर पहुंच गईं।

मामला जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़ा है। राहुल गांधी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर मामला बताया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

पुलिस अधिकारियों की ओर से राहुल गांधी को बताया गया कि घटना की जांच दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम कर रही है। अधिकारियों ने जांच पूरी होने के बाद नियमों के मुताबिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, राहुल गांधी तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे और धरना जारी रखा।

राहुल गांधी के धरने की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ भी वहां जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा खुद मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से बातचीत की। इसी दौरान प्रियंका गांधी भी संसद मार्ग थाने पहुंचीं। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं को बातचीत के लिए थाने के भीतर बुलाया।

वहीं, प्रदर्शन और नेताओं के पहुंचने के कारण इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने कनॉट प्लेस से संसद मार्ग की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इसके चलते आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच मामले को लेकर बातचीत जारी है। कांग्रेस की मुख्य मांग पैलेट गन कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *