चुवाडांगा। बांग्लादेश के चुवाडांगा जिले से लूट की एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां हथियारों से लैस बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कवर्ड वैन को रोककर उसमें लदे 330 किलोग्राम इंसानी बाल लूट लिए। इन बालों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ टका यानी लगभग 79 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूटे गए बालों की पूरी खेप बरामद कर ली है और मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
सात-आठ हथियारबंद बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे चुवाडांगा जिले के दमुरहुदा उपजिला स्थित कोशाघाटा इलाके में हुई। बताया गया कि सात से आठ हथियारबंद बदमाशों के एक गिरोह ने रास्ते में कवर्ड वैन को जबरन रोक लिया।
इसके बाद बदमाश वैन में रखी 23 बोरियां लेकर फरार हो गए। इन बोरियों में करीब 330 किलो इंसानी बाल थे। व्यापारियों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इंसानी बालों की मांग के चलते इस खेप की कीमत एक करोड़ टका से अधिक थी।
प्रोसेसिंग के लिए ले जाए जा रहे थे बाल
बांग्लादेश हेयर प्रोसेसिंग स्मॉल बिजनेस कोऑपरेटिव एसोसिएशन के अध्यक्ष अतियार रहमान तगीदार के अनुसार, बालों की यह खेप करपासडांगा स्थित एक फैक्ट्री से प्रोसेसिंग के लिए ले जाई जा रही थी।
इस कंसाइनमेंट में 22 अलग-अलग व्यापारियों का माल शामिल था, जिसे 23 बोरियों में पैक किया गया था। रास्ते में बदमाशों ने पूरी खेप को निशाना बना लिया। घटना के बाद स्थानीय कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ड्राइवर और फैक्ट्री मैनेजर गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही चुवाडांगा डिस्ट्रिक्ट डिटेक्टिव ब्रांच और दमुरहुदा मॉडल पुलिस की टीमों ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में वैन के 47 वर्षीय ड्राइवर मोहम्मद शाहिदुल इस्लाम और फैक्ट्री के 39 वर्षीय मैनेजर सनवर हुसैन संटू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए इंसानी बालों की सभी 23 बोरियां बरामद कर ली गईं। अब पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और संभावित आपराधिक नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।