दुर्ग नगर निगम में बड़ा हादसा टला, महापौर की इनोवा में लगी भीषण आग

दुर्ग नगर निगम दुर्ग परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब महापौर अलका बाघमार की इनोवा गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि महापौर गाड़ी से उतर चुकी थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना के बाद फोरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, महापौर अलका बाघमार करीब 12:15 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने अपनी इनोवा गाड़ी परिसर में खड़ी की और जैसे ही गाड़ी से नीचे उतरीं, कुछ ही देर बाद वाहन से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते गाड़ी में तेज आग भड़क उठी और आग ने पूरी इनोवा को अपनी चपेट में ले लिया।

निगम परिसर में खड़ी गाड़ी में आग लगने की खबर फैलते ही कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक इनोवा पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

महापौर के समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *