E20 से परेशान वाहन मालिकों के लिए बड़ी खबर, BPCL ने बताई पूरी स्थिति; E10 पेट्रोल पर सरकार की तैयारी

नई दिल्ली: देशभर में पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को लेकर वाहन मालिकों के बीच असमंजस बना हुआ है। खासकर E20 पेट्रोल को लेकर यह चर्चा तेज है कि सरकार इसे बंद कर वापस E10 पेट्रोल को लागू कर सकती है। अब भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने इस मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि फिलहाल E20 पेट्रोल को हटाकर E10 लागू करने का कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

E20 पेट्रोल को हटाने का फिलहाल फैसला नहीं

BPCL के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर संजय खन्ना ने कंपनी की वार्षिक शेयरधारक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि अभी E20 पेट्रोल को बाजार से हटाकर उसकी जगह E10 लाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में देशभर के पेट्रोल पंपों पर E20 की बिक्री फिलहाल जारी रहेगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार और तेल कंपनियों की ओर से इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। इससे उन वाहन मालिकों को राहत मिल सकती है, जो E20 पेट्रोल के कारण अपनी पुरानी गाड़ियों की माइलेज और इंजन की क्षमता को लेकर चिंतित हैं।

पुरानी गाड़ियों के लिए E10 हो सकता है अतिरिक्त विकल्प

हालांकि, पुरानी गाड़ियों के मालिकों को राहत देने के लिए E10 पेट्रोल को एक अतिरिक्त विकल्प के रूप में उपलब्ध कराने पर विचार की चर्चा जरूर चल रही है। दरअसल, बड़ी संख्या में पुराने वाहन E20 ईंधन के लिए डिजाइन नहीं किए गए हैं। ऐसे में उनके लिए कम इथेनॉल मिश्रण वाला पेट्रोल उपलब्ध कराने की मांग उठ रही है।

अगर E10 को अलग ईंधन विकल्प के तौर पर पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध कराया जाता है, तो सबसे बड़ी चुनौती इसके वितरण और सप्लाई नेटवर्क को मैनेज करने की होगी।

E20 और E10 दोनों की बिक्री होगी चुनौतीपूर्ण

BPCL के चेयरमैन के मुताबिक, अगर भविष्य में सरकार E20 से E10 पर पूरी तरह लौटने का फैसला करती है, तो तेल कंपनियों के मौजूदा ढांचे में इसे लागू करना बड़ी परिचालन समस्या नहीं होगी। हालांकि, पेट्रोल पंपों पर E20 और E10 दोनों ग्रेड एक साथ उपलब्ध कराना ज्यादा जटिल हो सकता है।

इसके लिए अलग-अलग ईंधन की सप्लाई, भंडारण और वितरण व्यवस्था तैयार करनी होगी। फिलहाल सरकार की ओर से E20 को बंद करने या देशभर में E10 को अनिवार्य रूप से वापस लाने का कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *