नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज बल्लेबाजों राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटों को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी अंडर-19 सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की जूनियर चयन समिति ने तीन वनडे और दो बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए अलग-अलग टीमों का ऐलान किया है।
वनडे टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी को सौंपी गई है, जबकि बहुदिवसीय मुकाबलों में यशवर्धन सिंह चौहान टीम की अगुआई करेंगे। सीरीज की शुरुआत 18 सितंबर से होगी।
पहली बार भारतीय U-19 टीम में चुने गए आर्यवीर
वीरेंद्र सहवाग के 18 वर्षीय बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। दिल्ली प्रीमियर लीग में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले आर्यवीर को वनडे टीम में जगह मिली है।
वहीं, राहुल द्रविड़ के 17 वर्षीय बेटे अन्वय द्रविड़ भी वनडे टीम का हिस्सा हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय इससे पहले श्रीलंका दौरे पर गई भारत की अंडर-19 टीम में भी शामिल थे। श्रीलंका के खिलाफ दो युवा वनडे मैचों में उन्होंने कुल 101 रन बनाए थे।
राजकोट और अहमदाबाद में होंगे मुकाबले
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों वनडे मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे। पहला बहुदिवसीय मुकाबला भी राजकोट में होगा, जबकि दूसरा मैच अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा।
भारत U-19 वनडे टीम
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन सिंह चौहान, रजत बघेल, आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़, वी यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट और काव्या पटेल।
भारत U-19 बहुदिवसीय टीम
यशवर्धन सिंह चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी, सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा, अभिप्राय बिस्वास, रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा और आर्यन यादव।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सीरीज युवा भारतीय खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अहम मौका होगी। खास तौर पर आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी।