बहन की अस्थि विसर्जन के दौरान हादसा, नहाते समय गहरे पानी में डूबा भाई; तलाश जारी

रायपुर, 29 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के दिन राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। महादेव घाट पर बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे 35 वर्षीय युवक के खारुन नदी में डूबने की आशंका है। हादसे के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।

मृतक की पहचान रायपुरा के सतनामी पारा निवासी युधिष्ठिर सारंग (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युधिष्ठिर अपने जीजा और अन्य परिजनों के साथ बहन की अस्थियां विसर्जित करने महादेव घाट पहुंचा था। परिवार ने विधि-विधान से अस्थि विसर्जन किया। इसके बाद युधिष्ठिर नदी में नहाने के लिए उतर गया।

बताया जा रहा है कि खारुन नदी में पानी का बहाव तेज था। नहाने के दौरान युधिष्ठिर अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और एनीकट के नीचे बने भंवर की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से खारुन नदी में युवक की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बावजूद देर शाम तक युधिष्ठिर का कोई सुराग नहीं मिल सका। रेस्क्यू टीम द्वारा नदी के आसपास के हिस्सों में लगातार तलाश की जा रही है।

रक्षाबंधन के दिन परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। जिस दिन परिवार बहन की अस्थियां विसर्जित करने महादेव घाट पहुंचा था, उसी दिन भाई के नदी में डूबने की घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के लोग युधिष्ठिर के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *