1 सितंबर से महंगाई का डबल झटका! दूध, चीनी, प्याज से लेकर LPG और हवाई ईंधन तक महंगा

नई दिल्ली, 1 सितंबर। सितंबर महीने की शुरुआत आम आदमी के लिए महंगाई का नया झटका लेकर आई है। रसोई के जरूरी सामान दूध, चीनी और प्याज से लेकर कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और विमान ईंधन (ATF) तक की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले ही महंगाई से परेशान लोगों के घरेलू बजट पर और दबाव बढ़ने की आशंका है।

ATF की कीमतों में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी

तेल विपणन कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमत में लगातार दूसरे महीने 5.46 फीसदी की बढ़ोतरी की है। कीमत में करीब 6.28 रुपये प्रति लीटर का इजाफा होने के बाद ATF की दर 115 रुपये से बढ़कर 121.28 रुपये प्रति लीटर हो गई है। विमान ईंधन महंगा होने का असर आने वाले दिनों में हवाई किराए पर भी पड़ सकता है।

कॉमर्शियल LPG सिलेंडर भी महंगा

1 सितंबर से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब इसकी कीमत 2,747.50 रुपये हो गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

वहीं, दूध की कीमतों में भी 9 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इससे आम परिवारों के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है। सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बाद अब दूध और गैस की बढ़ी कीमतों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

चीनी और प्याज के बढ़ते दाम ने बढ़ाई चिंता

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कई शहरों में चीनी के खुदरा दाम तेजी से बढ़े हैं। दिल्ली में चीनी करीब 62 रुपये, मुंबई में 65 रुपये, चेन्नई में 61 रुपये, कोलकाता में 66 रुपये और रांची में 68 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है।

प्याज की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है। नई फसल की आवक में देरी और पुराने रबी स्टॉक पर दबाव के चलते कई शहरों में प्याज महंगा हो गया है। दिल्ली में प्याज की कीमत करीब 33 से 58 रुपये, मुंबई में 52 रुपये, जबकि चेन्नई और कोलकाता में यह 60 रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंच गई है।

हालांकि, आलू और टमाटर की कीमतों में कुछ राहत मिली है। दिल्ली में आलू करीब 22 रुपये प्रति किलो, जबकि टमाटर की कीमत घटकर करीब 43 रुपये प्रति किलो हो गई है।

अंडों के दाम में 40 फीसदी तक उछाल

महंगाई की मार अंडों पर भी देखने को मिल रही है। नेशनल एग को-ऑर्डिनेशन कमेटी के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक साल में अंडों की कीमतों में करीब 35 से 40 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है।

फार्म गेट पर एक अंडे की कीमत करीब 7 रुपये पहुंच गई है, जबकि खुदरा बाजार में यह करीब 8.50 से 9 रुपये प्रति पीस तक बिक रहा है। पोल्ट्री उद्योग से जुड़े जानकारों का कहना है कि सर्दियों में अंडों की मांग बढ़ने के साथ कीमतों में और तेजी आ सकती है।

कुल मिलाकर सितंबर की शुरुआत में जरूरी खाद्य वस्तुओं, ईंधन और व्यावसायिक गैस की बढ़ती कीमतों ने आम उपभोक्ताओं के सामने महंगाई की नई चुनौती खड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *